World Transplant Games : 13 साल के वरुण ने भारत के लिए जीता 3 गोल्ड, मां ने भी जीता मेडल, पूरी दुनिया में भारत का नाम किया ऊंचा
वर्ल्ड ट्रांसप्लांट गेम्स का आयोजन इस साल ऑस्ट्रेलिया पर्थ में किया गया। इस मुकाबले में भारत के कुल 32 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। जहां टीम इंडिया ने कुल 35 मेडल जीते। पिछले कुछ साल में भारत लगभग हर तरह के खेलों में भाग ले रहा है।
वर्ल्ड ट्रांसप्लांट गेम्स उन लोगों के लिए आयोजित किया जाता है जिन्होंने अपने शरीर के किसी अंग को ट्रांसप्लांट किया हो। फिर चाहे वह ऑर्गन डोनर हो या फिर लेने वाला हो, सभी इस खेल में भाग ले सकते हैं। भारत ने इस खेल में 35 मेडल जीत लिए हैं। लेकिन इन एथलीटों में से एक मां बेटे की जोड़ी ने सभी को इंप्रेस कर दिया। दोनों मां और बेटे ने भारत के लिए मेडल जीता।
बेंगलुरु के रहने वाले वरुण और दीपा ने ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में हुए वर्ल्ड ट्रांसप्लांट गेम्स में भारत के लिए कुल 4 मेडल जीते। 13 साल के वरुण ने रैकेट इवेंट में 3 गोल्ड और उनकी मां दीपा ने बॉल थ्रो में एक ब्रान्ज मेडल अपने नाम किया। वरुण जब 9 साल के थे तब एक रात अचानक उनके पेट में दर्द होने लगा। परिवार वालों को लगा कि यह कोई आम सा दर्द है, लेकिन अस्पताल ले जाने के बाद पता चला कि उनकी किडनी खराब हो चुकी है। उनके पिता अपने बेटे को किडनी नहीं दे सकते थे क्योंकि वह शुगर के मरीज हैं। ऐसे में उनकी मां ने एक बड़ा फैसला लेते हुए अपने बेटे की जान बचाई और उसे अपनी किडनी दे दी।
भारत की ओर से गए 32 खिलाड़ियों ने 35 मेडल जीतकर इन खेल में भारत का मान बढ़ाया है। ऑर्गन इंडिया नामक संस्था ने इन खिलाड़ियों को एक साथ लाने का काम किया है और उन्हें पर्थ के जाने में एक मुख्य भूमिका निभाई।
ऑर्गन रिसिविंग एंड गिविंग अवेयरनेस नेटवर्क (ऑर्गन) इंडिया दिल्ली स्थित एक एनजीओ संगठन है। ऑर्गन इंडिया प्रोजेक्ट की शुरुआत 2013 में हुई थी। तब से लेकर आज तक उन्होंने इन खेलों में भारत का भागीदारी को बढ़ाया है।अब उनका अगला लक्ष्य 2025 के इन्ही खेलों में भारत के लिए और भी मेडल जीतने का है।