‘महाराष्ट्र में फिर बनने जा रही भाजपा की सरकार’, जानिए ताजा घटनाक्रम की ऐसा क्यों कहा जा रहा
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा है कि मार्च तक महाराष्ट्र की महा विकास अघाड़ी सरकार गिर जाएगी और यहां BJP एक बार फिर से सत्ता में आ जाएगी और अपनी सरकार बनेगी। इसके साथ ही, राणे ये भी कहा कि एक बार जब BJP सरकार आ जाएगी तो जनता को निश्चित ही अपेक्षित बदलाव दिखाई देगा। मालूम हो कि शिवसेना ने BJP से नाता तोड़ने के बाद NCP और कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। इस गठबंधन को महा विकास अघाड़ी नाम दिया था।

मालूम हो कि राणे ने जयपुर में मीडिया से बातचीत के क्रम में बताया कि ये बात सीक्रेट है, इसलिए मैं उसे अभी बाहर नहीं निकालना चाहता। सरकार बनानी या सरकार गिरानी होती है तो कुछ बातें सीक्रेट रखनी पड़ती हैं। राजनीति में हर बात उजागर नहीं होती है। उन्होंने महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल का नाम लेकर बताया कि उन्होंने ही मार्च तक महाराष्ट्र में सरकार बनाने की बात कही है। मैं उन्हीं की बात सबके सामने कह रहा हूं। अब BJP का मिशन उनकी कहीं बात को सच साबित करना है जिसके लिए सभी एकजुट होकर काम करेंगे

इस बीच, ये भी मालूम चला है कि एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार दिल्ली में हैं। उनके पास उनके खास प्रफुल्ल पटेल भी हैं। वहीं भाजपा नेता और पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस भी मुंबई से दिल्ली रवाना हुए हैं। महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल पहले से दिल्ली में हैं और उन्होंने आज ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है। अमित शाह के पास ही महाराष्ट्र का प्रभार है। अमित शाह और चंद्रकांत पाटिल की मुलाकात के दौरान फडणवीस को भी मौजूद रहना था, लेकिन वो समय पर नहीं पहुंच सके।

यह सब तब हो रहा है जब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी गले की सर्जरी हुई है। कहा जा रहा है कि मोदी सरकार शरद पवार को अगला राष्ट्रपति बनाने की ऑफर दे सकती है। मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल जुलाई 2022 में समाप्त हो रहा है। इस तरह भाजपा, एनसीपी को अपने पाले में ला सकती है।

हालाँकि महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने संवाददाताओं से नागपुर में कहा कि शिवसेना राकांपा कांग्रेस गठबंधन सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी । उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा बड़े बडे अनुमान लगाती रहती है और यह कभी सच नहीं होता….भाजपा में किसी को भरोसा नहीं है।’’